पलामू। नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश सिंह के खिलाफ राज्यपाल ने कड़ा कदम उठाया है। राज्यपाल ने कुलपति के सभी वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगा दी है। साथ ही उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना इस्तीफा देने का निर्देश दिया गया है।
राज्यपाल के निर्देश के मुताबिक, यदि कुलपति तय प्रक्रिया के अनुसार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो उनके खिलाफ आवश्यक प्रक्रिया अपनाते हुए पद से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
कुलपति के खिलाफ यह कार्रवाई विश्वविद्यालय में कराए गए विशेष ऑडिट में सामने आए तथ्यों और वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं से संबंधित शिकायतों के आधार पर की गई है।
विश्वविद्यालय में वित्तीय गड़बड़ी की शिकायतों के बाद राज्यपाल की ओर से विशेष ऑडिट कराया गया था। ऑडिट में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले सामने आने की बात कही गई है।
इसके अलावा विश्वविद्यालय में राज्यपाल के आदेश के विपरीत परीक्षा नियंत्रक सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां किए जाने का मामला भी सामने आया था।
इन वित्तीय और प्रशासनिक मामलों को गंभीर मानते हुए राज्यपाल ने कुलपति के अधिकार वापस लेने के साथ उन्हें इस्तीफा देने का निर्देश दिया है।
अगर कुलपति निर्धारित समय और प्रक्रिया के तहत इस्तीफा नहीं देते हैं, तो उन्हें पद से हटाने के लिए आगे की कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।