जमशेदपुर: मेहरबाई टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल (एमटीएमएच) के कर्मचारियों के लिए सालाना बोनस को लेकर बुधवार को प्रबंधन और यूनियन के बीच समझौता हुआ। समझौते के तहत हॉस्पिटल के 80 कर्मचारियों को इस वर्ष 19 फीसदी बोनस दिया जाएगा। बोनस की राशि कर्मचारियों के बेसिक वेतन और डीए के आधार पर निर्धारित होगी।
समझौते के अनुसार कर्मचारियों को अधिकतम 67,187 रुपये और न्यूनतम 26,379 रुपये बोनस के रूप में मिलेंगे। बोनस की राशि सितंबर के दूसरे सप्ताह में कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजे जाने की उम्मीद है।
बोनस की गणना कर्मचारियों के बेसिक वेतन और डीए के कुल योग की 19 प्रतिशत राशि के आधार पर की जाएगी। बोनस समझौते पर एमटीएमएच प्रबंधन और यूनियन के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए।
प्रबंधन की ओर से हॉस्पिटल की निदेशक सुजाता मित्रा, प्रशासनिक प्रमुख बीपी सिंह, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर अमिताभ चटर्जी और सीनियर ऑफिसर कमल अग्रवाल ने हस्ताक्षर किए। वहीं यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, जनरल सेक्रेटरी बीके डिंडा, वाइस प्रेसिडेंट आरके दास और सेक्रेटरी पी. गिरीश्वर राव ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।