सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत पांडरा गांव में धान के खेत में काम करने के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत के बाद बुधवार को ईचागढ़ विधायक सविता महतो पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचीं। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक का माहौल है।
विधायक सविता महतो ने मृतक महिलाओं के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख जताया और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पीड़ित परिवारों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अपनी ओर से आर्थिक सहायता भी प्रदान की। विधायक ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़ी हैं और हरसंभव मदद का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान विधायक ने वज्रपात की घटना में घायल हुई अन्य महिलाओं के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित लोगों से घायलों के इलाज और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
विधायक सविता महतो ने कहा कि वज्रपात की इस घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं के आश्रितों को सरकार की ओर से निर्धारित प्रावधान के तहत मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जानी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर मुआवजा राशि की प्रक्रिया में तेजी लाने और पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द सरकारी सहायता दिलाने के लिए पहल करने की बात कही।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को सरकारी स्तर पर मिलने वाली सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि परिजनों को राहत मिल सके।