गम्हरिया : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित विद्या ज्योति स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को उत्साह और उमंग से भरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कई मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक के. एक्का और प्राचार्य सुनील कुमार झा के संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की।
इसके बाद विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में आकर्षक समूह नृत्य और समूह गीत प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद शिक्षकों के लिए म्यूजिकल चेयर और ‘गाना पहचानो’ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन खेलों में शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिक्षकों का रैंप वॉक रहा। शिक्षकों के अलग-अलग अंदाज में रैंप पर उतरते ही विद्यार्थियों ने तालियों और सीटियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।