जमशेदपुर: ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जमशेदपुर शहर में निकलने वाले जुलूस को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और शहर में सामान्य जनजीवन बनाए रखने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
जुलूस के निर्धारित मार्ग को सात जोन में बांटकर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
गांधी मैदान से सुबह 9 बजे शुरू होगा जुलूस
प्रशासन के अनुसार जुलूस गांधी मैदान से सुबह 9 बजे शुरू होगा। इसके मद्देनजर संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है। अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी संयुक्त रूप से जुलूस मार्ग का सत्यापन करेंगे। आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे।
जुलूस मार्ग पर किसी भी तरह की निर्माण सामग्री नहीं रहने देने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
जुलूस के मार्ग और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा बाइकर्स गैंग और तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले असामाजिक तत्वों पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
भड़काऊ गाने और आपत्तिजनक गतिविधियों पर रोक
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जमशेदपुर में ईद मिलादुन्नबी का पर्व हमेशा आपसी सौहार्द और भाईचारे के माहौल में मनाया जाता रहा है। उन्होंने सभी लोगों से इसी भावना के साथ पर्व मनाने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान अश्लील या भड़काऊ गाने नहीं बजाए जाएं। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी आचरण से बचने की हिदायत दी गई। आम लोगों से प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।
वॉलंटियर्स को पहले से दी जाएगी जिम्मेदारी
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने जुलूस में शामिल होने वाले वॉलंटियर्स को पहले से ब्रीफ करने का निर्देश दिया। उन्हें निर्धारित रूट, समयसीमा और प्रशासनिक निर्देशों की जानकारी देने के साथ संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया।
उन्होंने बताया कि सातों जोन में तैनात पदाधिकारी और पुलिस बल लगातार निगरानी करेंगे। इसके लिए कंट्रोल रूम भी पूरी तरह सक्रिय रहेगा।
मेडिकल टीम, एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन रहेंगे उपलब्ध
जुलूस के दौरान मेडिकल सुविधा, एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आमबागान, गांधी मैदान, धतकीडीह सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं रखने को कहा गया।
इसके साथ ही पर्याप्त पेयजल और गांधी मैदान समेत संबंधित क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया है।
बैठक में प्रशासन ने आयोजन से जुड़े लोगों और सभी संबंधित विभागों से निर्धारित रूट, समय और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की। प्रशासन ने लोगों से ईद मिलादुन्नबी का पर्व प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने में सहयोग करने को कहा।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, नगर निकायों के पदाधिकारी, डीएसपी, मस्जिद कमिटी के सदस्य समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।