आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में राह चलती युवती के साथ छेड़खानी और अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुई इस घटना में दो बाइक पर सवार चार युवकों ने युवती का पीछा करते हुए उसके साथ कथित तौर पर दो-तीन बार बदसलूकी की। युवकों की हरकत यासिका ड्रीम हाइट के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। युवती की मां की शिकायत पर आदित्यपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टिफिन पहुंचाने निकली थी युवती
जानकारी के अनुसार, साई कल्पना निवासी ममता ओझा घर से टिफिन सर्विस चलाती हैं। उनकी बेटी प्रेरणा ओझा पढ़ाई के साथ टिफिन पहुंचाने में मां की मदद करती है। बुधवार दोपहर प्रेरणा टिफिन लेकर अपनी सोसायटी से बाहर निकली थी। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार युवक उसके आगे-पीछे घूमने लगे।
आरोप है कि युवकों ने युवती के साथ दो-तीन बार अभद्र व्यवहार किया और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। युवती के अनुसार, युवकों ने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए उसे परेशान किया। अचानक हुई इस घटना से वह सहम गई। वह किसी से मदद मांग पाती, इससे पहले ही दोनों बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज में कैद हुई युवकों की हरकत
घटना के बाद यासिका ड्रीम हाइट के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई। फुटेज में युवकों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। बिल्डर की ओर से सीसीटीवी फुटेज युवती के परिजनों को उपलब्ध कराया गया। इसके बाद प्रेरणा की मां ममता ओझा ने आदित्यपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है।
पुराने विवाद का भी युवती ने किया जिक्र
प्रेरणा ने पुलिस को बताया कि उसकी मां का पड़ोसी विशेश्वर गिरी के साथ विवाद चल रहा है और यह मामला न्यायालय में लंबित है। युवती के अनुसार, इस विवाद को लेकर पूर्व में भी अलग-अलग माध्यमों से धमकी मिलने की बात सामने आ चुकी है।
हालांकि, छेड़खानी की घटना में शामिल युवकों का इस पुराने विवाद से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस CCTV के आधार पर कर रही पहचान
आदित्यपुर थाना पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।