August 21, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

आदित्यपुर वार्ड 12 बोलायडीह बस्ती के बाढ़ पीड़ितों की मदद करे प्रशासन

आदित्यपुर वार्ड 12 बोलायडीह बस्ती के बाढ़ पीड़ितों की मदद करे प्रशासन

सामाजिक संस्था अस्तित्व की टीम ने किया दौरा, राहत कार्य शुरू कराने की मांग

गम्हरिया: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 12 स्थित बोलायडीह बस्ती में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए अस्तित्व संस्था के सदस्यों ने बुधवार को दौरा किया। टीम ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

बस्ती के लोगों ने बताया कि डैम के फाटक खोले जाने के बाद खरकाई नदी का जलस्तर बढ़ जाता है और बस्ती पूरी तरह जलमग्न हो जाती है। कई घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बाढ़ के पानी से घरेलू सामान, अनाज, कपड़े और बच्चों की कॉपी-किताबें तक खराब हो गई हैं। इससे प्रभावित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई को लेकर भी परेशानी खड़ी हो गई है।

सरकारी सहायता नहीं मिलने का आरोप

बाढ़ पीड़ितों ने संस्था के सदस्यों को बताया कि अब तक किसी सरकारी पदाधिकारी, नगर निगम अधिकारी अथवा सामाजिक संस्था की टीम ने बस्ती पहुंचकर उनकी सुध नहीं ली है। प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनने के बाद अस्तित्व संस्था के सदस्यों ने उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

संस्था के सदस्यों ने गम्हरिया के बीडीओ और सीओ सहित नगर निगम के संबंधित पदाधिकारियों से बातचीत कर बस्ती में तत्काल राहत कार्य शुरू कराने का आग्रह किया। संस्था की ओर से भी प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।

संस्था ने प्रशासन से तत्काल राहत की मांग की

संस्था की संस्थापक मीरा तिवारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित बस्ती का स्थलीय निरीक्षण कर जरूरतमंद परिवारों तक शीघ्र राहत पहुंचाने की मांग की।

दौरे के दौरान संस्था की जिला अध्यक्ष अन्नू चौबे, प्रिया सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामाशंकर पाण्डेय, समाजसेवी संजय सिंह, धनंजय सिंह, गंगाधर पाण्डेय समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading