August 22, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

SIR-2026: योग्य मतदाता सूची से न छूटे, अयोग्य का नाम न जुड़े; प्रमंडलीय आयुक्त ने दिए निर्देश

SIR-2026: योग्य मतदाता सूची से न छूटे, अयोग्य का नाम न जुड़े; प्रमंडलीय आयुक्त ने दिए निर्देश

जमशेदपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा कराने को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त, सिंहभूम (कोल्हान) रविरंजन कुमार विक्रम ने अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुनरीक्षण के दौरान कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं हो।

बुधवार को समाहरणालय सभागार में प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में SIR-2026 की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन, सचिव क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार रुन्थु महतो, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

दावे-आपत्तियों का नियमानुसार करें निष्पादन

बैठक में जिले में SIR-2026 के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति और आगामी गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार सत्यापन कर समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं को SIR की प्रक्रिया और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। यदि किसी मतदाता के विवरण में त्रुटि मिलती है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका सुधार कराया जाए।

राजनीतिक दलों के साथ बेहतर समन्वय पर जोर

प्रमंडलीय आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और राजनीतिक दलों के समन्वित प्रयास से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।

बैठक में SIR के तहत घर-घर भ्रमण, Enumeration Form से संबंधित कार्य, ASDD सूची के सत्यापन तथा दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।

5 अगस्त को जारी हो चुकी है प्रारूप मतदाता सूची

SIR-2026 के तहत जिले में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जा चुका है। प्रारूप सूची के संबंध में दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। वहीं, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाना निर्धारित है।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित समय-सीमा का पूरी तरह पालन करते हुए सभी प्रक्रियाएं पूरी की जाएं।

गोलमुरी और इनकैब केरला पब्लिक स्कूल के बूथों का निरीक्षण

बैठक के बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने 48-जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आदर्श आरक्षी मध्य विद्यालय, गोलमुरी और इनकैब केरला पब्लिक स्कूल स्थित मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने यहां SIR के तहत चल रहे कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों से मतदाता सत्यापन, पात्र नागरिकों के पंजीकरण, मतदाता सूची की शुद्धता और घर-घर संपर्क अभियान की प्रगति की जानकारी ली। मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आयुक्त ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान पात्र नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading