August 21, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर में 25 अगस्त को विशेष रक्तदान अभियान, ‘रक्तदान से आध्यात्मिक सशक्तिकरण’ का दिया जाएगा संदेश

जमशेदपुर में 25 अगस्त को विशेष रक्तदान अभियान, ‘रक्तदान से आध्यात्मिक सशक्तिकरण’ का दिया जाएगा संदेश

यूनिवर्सल पीस पैलेस में होगा आयोजन, दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति में मनाया जाएगा विश्व बंधुत्व दिवस; नशामुक्ति अभियान से भी जुड़ेगा जनजागरण

  • माउंट आबू, राजस्थान से जमशेदपुर पहुंची नशामुक्ति अभियान की बस
  • 27 अगस्त तक शहर में जनसेवा और जनजागरण का कार्य करेगी

जमशेदपुर। किसी अनजान व्यक्ति का जीवन बचाने के उद्देश्य से रक्तदान करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए 25 अगस्त को जमशेदपुर में विशेष रक्तदान अभियान आयोजित किया जाएगा। मरीन ड्राइव, सोनारी स्थित यूनिवर्सल पीस पैलेस में होने वाले इस कार्यक्रम को ब्रह्माकुमारीज संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति को समर्पित किया गया है। ब्रह्माकुमारीज परिवार की ओर से दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति में इस दिन को विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में मनाया जाता है।

पिछले वर्ष 88 हजार से अधिक यूनिट रक्त संग्रह का दावा

आयोजकों के मुताबिक, पिछले वर्ष दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति में भारत के कई शहरों के अलावा नेपाल में भी रक्तदान अभियान चलाया गया था। इन अभियानों के दौरान करीब 88,378 यूनिट रक्त संग्रह किए जाने की जानकारी दी गई है। आयोजकों का कहना है कि इस उपलब्धि को OMG Books of Records में भी दर्ज किया गया। इस वर्ष अभियान को और व्यापक बनाने तथा अधिक संख्या में लोगों को रक्तदान से जोड़ने की तैयारी की गई है।

‘रक्तदान से आध्यात्मिक सशक्तिकरण’ होगी कार्यक्रम की थीम

जमशेदपुर के कार्यक्रम की थीम “Spiritual Empowerment through Blood Donation” यानी ‘रक्तदान से आध्यात्मिक सशक्तिकरण’ रखी गई है। इसके माध्यम से रक्तदान को केवल शारीरिक सेवा के रूप में नहीं, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और आत्मिक शक्ति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में रक्तदान से पहले प्रतिभागियों को आध्यात्मिक ज्ञान दिया जाएगा। इसके बाद ध्यान और अनुभूति के माध्यम से उन्हें आत्मिक शांति का अनुभव कराया जाएगा। इसके पश्चात प्रतिभागी रक्तदान महादान में अपनी भागीदारी निभाएंगे। रक्तदाताओं के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक उपहार के साथ ब्रह्मा भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।

नशामुक्ति अभियान से भी जोड़ा गया जनजागरण

रक्तदान कार्यक्रम के साथ जमशेदपुर में चल रहे नशामुक्ति भारत अभियान को भी जनजागरण की व्यापक मुहिम के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। 8 अगस्त से नशामुक्ति अभियान की जागरूकता बस शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दे रही है। बारीडीह, आदित्यपुर, बिरसानगर, टेल्को और मानगो समेत कई इलाकों में अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम किए जा चुके हैं। आयोजकों के अनुसार अभियान का उद्घाटन राज्यपाल द्वारा किया गया था।

51 हजार से अधिक लोगों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

आयोजकों के अनुसार अब तक 200 से अधिक स्कूल-कॉलेज, 50 से ज्यादा पार्क, करीब 35 मंदिर, 50 से अधिक कोचिंग सेंटर और सैकड़ों अपार्टमेंट इस अभियान से जुड़ चुके हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख चौक और पुलिस स्टेशनों तक अभियान का संदेश पहुंचाया गया है। जमशेदपुर क्षेत्र में अब तक 51,175 लोगों के नशामुक्ति का संकल्प लेने की जानकारी दी गई है।

27 अगस्त तक जमशेदपुर में रहेगी जागरूकता बस

माउंट आबू, राजस्थान से जमशेदपुर पहुंची नशामुक्ति अभियान की बस 27 अगस्त तक शहर में जनसेवा और जनजागरण का कार्य करेगी। इसके बाद बस चांडिल के लिए रवाना होगी। बस पर प्रदर्शित कुंभकर्ण का आकर्षक संदेश लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अभियान के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शहर के विभिन्न इलाकों से बस को अपने क्षेत्र में बुलाने की मांग भी लगातार सामने आ रही है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading