August 19, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

राहुल गांधी ने की झारखंड सरकार और छात्रों के बीच सहमति की तारीफ, कहा- यही सही तरीका है

राहुल गांधी ने की झारखंड सरकार और छात्रों के बीच सहमति की तारीफ, कहा- यही सही तरीका है

नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में प्रदर्शन कर रहे भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों के अनशन खत्म करने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने खुशी जताई है।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “झारखंड के छात्रों और राज्य सरकार के बीच सहमति बनी, और छात्रों ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त की – यह खबर सुनकर बहुत खुशी हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड सरकार ने बातचीत का रास्ता चुना, और समाधान निकाला। छात्रों ने संयम रखा, और अपनी बात मनवाई। यही सही तरीका है। छात्र सवाल पूछें, तो जवाब मिलना चाहिए।”

उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “हम देश के हर छात्र के साथ खड़े हैं। और हम इस वसूली तंत्र को जड़ से बदलकर रहेंगे, ताकि हर छात्र को उसकी मेहनत का पूरा फल और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का हक मिले। पूरे देश में ये सिस्टम बदलेगा। अब ऐसी व्यवस्था बनेगी जो छात्रों को आगे बढ़ाए, उन्हें पीछे न खींचे।”

झारखंड में जेएसएससी सीजीएल परीक्षा और टीडीपीएल एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा के बाद छात्रों और राज्य सरकार के बीच सहमति बन गई है।

परीक्षा रद्द होने के ऐलान के बाद रांची सदर अस्पताल में भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेताओं से मिलने देर रात राज्य सरकार के मंत्री दीपिका पांडे सिंह और इरफान अंसारी पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने छात्र नेता देवेंद्र महतो को जूस पिलाकर उनका अनशन खत्म करवाया। इसके बाद देवेंद्र महतो अस्पताल से सीधे अपने घर चले गए। साथ ही हबीबा और राहुल का भी अनशन समाप्त कराया गया।

भूख हड़ताल तोड़ने के बाद देवेंद्र महतो ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हमने सम्मानजनक तरीके से अपना अनशन खत्म किया। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पांडे और हमारे विधायक जयराम महतो की संयुक्त पहल से हमने अपनी भूख हड़ताल खत्म करने का फैसला किया। जिन मांगों के लिए हम संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे थे, वे सभी पूरी हो गई हैं।”

प्रदर्शनकारी हबीबा ने सरकार की सराहना करते हुए कहा, “हमारी सरकार ने साबित कर दिया है कि यह आदिवासियों, मूलवासियों और सबकी सरकार है और यह उनके हितों के बारे में सोचती है। आज हमें यह एहसास हुआ है। उन्होंने साबित कर दिया है कि अगर हेमंत हैं, तो हिम्मत है।”

–आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading