लखीसराय: सावन की तीसरी सोमवारी पर बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच सोमवार सुबह भगदड़ मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का इलाज लखीसराय सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
लखीसराय के डीएम के अनुसार, हादसा अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले मार्ग पर हुआ। सोमवार सुबह करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच अचानक श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। कांवरियों और श्रद्धालुओं की कतार अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। उस समय हॉल्ट पर दो ट्रेनें भी रुकी हुई थीं।
बिजली का पोल गिरने के बाद फैली अफवाह
बताया जा रहा है कि इसी दौरान बिजली का एक पोल गिर गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच पोल में करंट प्रवाहित होने की अफवाह फैल गई। अफवाह के बाद भीड़ में अचानक अफरातफरी मच गई और लोग सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे।
इसी दौरान भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। कई श्रद्धालु एक-दूसरे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।
सीएम सम्राट चौधरी ने मुआवजे का किया ऐलान

लखीसराय के अशोकधाम मंदिर के पास हुए हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। श्रद्धालुओं की मौत की खबर से वह व्यथित हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने की बात कही।
अब तक चार मृतकों की पहचान
हादसे में मृत कुछ श्रद्धालुओं की पहचान की गई है। अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार मृतकों में:
- मनमाला देवी (44), पति निरंजन कुमार, वार्ड नंबर 12, इंद टोला, बड़हिया, लखीसराय
- रिंकू देवी (50), पति नीरज यादव, फरदा, थाना सफियासराय, जिला मुंगेर
- हेमलता देवी (55), पति सुरेंद्र यादव, कैंदी प्रतापपुर, थाना हलसी, जिला लखीसराय
- ललिता देवी, पति गोरेलाल यादव, प्रतापपुर, थाना हलसी, जिला लखीसराय
अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
प्राचीन है अशोकधाम मंदिर की धार्मिक महत्ता
लखीसराय का अशोकधाम मंदिर श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के नाम से प्रसिद्ध है। मंदिर में पाल काल का विशाल शिवलिंग स्थापित है, जिसके जमीन की खुदाई के दौरान मिलने की मान्यता है। सावन के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं।
सावन की तीसरी सोमवारी होने के कारण सोमवार सुबह मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। इसी दौरान अशोकधाम हॉल्ट के पास हुई घटना ने पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया।