वैशाली/हाजीपुर : बिहार के हाजीपुर में गुरुवार की सुबह अपराधियों ने एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी कला पूर्वी इलाके में हुई। मृतक की पहचान ठेकेदार रामनरेश राय के रूप में हुई है। हत्या की पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
दो बाइक से पहुंचे चार अपराधियों ने घेरा
जानकारी के मुताबिक, रामनरेश राय सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पहले रामनरेश राय को गोली मारी और इसके बाद उनका पीछा करते हुए कई राउंड फायरिंग की।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, ठेकेदार को करीब चार गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल रामनरेश राय की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद सभी अपराधी बाइक से फरार हो गए।
CCTV फुटेज में पीछा करते दिखे अपराधी
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज को पुलिस ने जांच का अहम आधार बनाया है। फुटेज में कथित तौर पर बाइक सवार अपराधियों को ठेकेदार का पीछा करते और उन पर गोली चलाते हुए देखा जा सकता है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
जिस स्थान पर रामनरेश राय को गोली मारी गई, वह उनके आवास से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंचे वैशाली एसपी
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है।
हत्या के बाद परिवार में मचा कोहराम
ठेकेदार रामनरेश राय की हत्या की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हत्या के कारणों, हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की साजिश की जांच कर रही है।