नवादा : नवादा में छेड़खानी को लेकर ऐसी घटना हुई कि पूरे इलाके को झकझोर के रख दिया। इस घटना से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र में पोती से कथित छेड़खानी का विरोध करना एक 60 वर्षीय महिला को भारी पड़ गया। तुंगी बाजार के पास गुरुवार को कार सवार लोगों ने महिला को कथित तौर पर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी कार सवार मौके से फरार हो गए। मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
मृतका हिसुआ थाना क्षेत्र के लाटावर गांव की रहने वाली थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। महिला की मौत से आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर गया-नवादा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
सड़क जाम होने से काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
चोरी की कार बरामद, चालक फरार
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार को बरामद कर जब्त कर लिया है। सदर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद के अनुसार, कार का चालक घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और अन्य कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक बरामद कार का नंबर BR-01AH-3553 है। शुरुआती जांच में वाहन के चोरी का होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।
चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
मृतका के परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन में चार लोगों को नामजद किया गया है। नामजद आरोपियों में तुंगी निवासी सौरभ चौधरी, तुंगी निवासी विक्की चौधरी, जमुआमा निवासी छबिल चौधरी और तुंगी निवासी चंदन चौधरी शामिल हैं।
आवेदन के अनुसार, महिला अपनी पोती के साथ बाजार से लौट रही थीं। इसी दौरान पोती के साथ कथित तौर पर छेड़खानी की कोशिश की गई। महिला ने इसका विरोध किया, जिसके बाद उन्हें कार से कुचलने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार के सुशासन का दावा फेल है। अपराधियों में पुलिस का खौफ है ही नहीं।