August 13, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
भारत

BIHAR : खगड़िया में विषाक्त प्रसाद खाने से 100 से अधिक लोग बीमार, बच्चों और महिलाओं की संख्या ज्यादा

BIHAR : खगड़िया में विषाक्त प्रसाद खाने से 100 से अधिक लोग बीमार, बच्चों और महिलाओं की संख्या ज्यादा

खगड़िया : बिहार के खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के नदी पार स्थित हियादतपुर गांव में पूजा के दौरान प्रसाद खाने के बाद 100 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। बीमार लोगों में बच्चों और महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है। सभी को पेट दर्द, उल्टी और सिर दर्द की शिकायत के बाद इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि सोमवार देर शाम हियादतपुर गांव निवासी सुबोध चौधरी के घर पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने गीला प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद खाने के कुछ समय बाद सुबोध चौधरी के परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद धीरे-धीरे गांव के अन्य लोग भी बीमार पड़ने लगे।

एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। देर रात सभी बीमार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। चूंकि हियादतपुर गांव नदी के पार स्थित है, इसलिए मरीजों को पहले नाव के जरिए अमनी लाया गया। इसके बाद वहां से एंबुलेंस की मदद से सभी को खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

सदर अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में सभी मरीजों का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने शुरुआती जांच के आधार पर इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया है। राहत की बात यह है कि अधिकांश मरीज खतरे से बाहर हैं। हालांकि, सुबोध चौधरी के परिवार के कुछ सदस्यों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल की टीम मरीजों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रसाद के कारण इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने की वजह की जांच की जा रही है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading