रांची : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड पुलिस के नौ पदाधिकारी एवं कर्मियों को केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। इनमें एक अधिकारी को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक, जबकि आठ पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक के लिए चुना गया है।
यह सम्मान झारखंड पुलिस की ओर से उग्रवादी संगठनों, संगठित आपराधिक गिरोहों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किया गया है। पुलिस पदक की घोषणा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर की गई।
शैलेन्द्र कुमार सिन्हा को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक
राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक के लिए शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, भापुसे, प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, बोकारो का चयन किया गया है। पुलिस सेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान, नेतृत्व क्षमता और अपराध एवं उग्रवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई में भूमिका को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया है।
आठ पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा पदक के लिए झारखंड पुलिस के आठ पदाधिकारी एवं कर्मियों का चयन हुआ है। सम्मानित होने वालों में सअनि पंकज कुमार राय, हवलदार-560 पूर्ण बहादुर सिंह, हवलदार-125 जितेन्द्र कुमार सिंह, हवलदार-12 योगेन्द्र कुमार दास, हवलदार-31 नंद किशोर महतो, चालक हवलदार-178 औरंगजेब खां, चालक हवलदार-174 संजय कुमार सिंह और महिला आरक्षी-419 अनिता तिर्की शामिल हैं।
इन पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए पुलिसिंग को मजबूत करने में योगदान दिया है। झारखंड पुलिस के अनुसार, उनके सराहनीय कार्यों और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।
उग्रवाद और अपराध के खिलाफ कार्रवाई को मिला सम्मान
झारखंड में उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने, संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में बेहतर पुलिसिंग और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए राज्य के इन नौ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चुना गया है।