August 13, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

स्वतंत्रता दिवस से पहले आदित्यपुर में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, होटल-बार और शराब दुकानों की भी जांच

स्वतंत्रता दिवस से पहले आदित्यपुर में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, होटल-बार और शराब दुकानों की भी जांच

आदित्यपुर: स्वतंत्रता दिवस को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। 15 अगस्त के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से आदित्यपुर पुलिस ने मंगलवार देर रात विशेष चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया।

आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खड़खाई ब्रिज समेत थाना क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन जांच की।

इस दौरान सड़क पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे लोगों और वाहनों की तलाशी ली गई। पुलिस ने अड्डेबाजी करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर भी विशेष नजर रखी।

होटल, बार और शराब दुकानों में भी जांच

सुरक्षा अभियान के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के होटल, बार और शराब दुकानों का भी निरीक्षण किया। संचालकों के साथ-साथ वहां मौजूद लोगों की गतिविधियों की जांच की गई। संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई।

पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय पर्व के मद्देनजर पूरे थाना क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर

देर रात तक चले अभियान से असामाजिक तत्वों में हड़कंप रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर आदित्यपुर पुलिस की सक्रियता से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता साफ नजर आ रही है। पुलिस की ओर से क्षेत्र में चेकिंग, निगरानी और आवश्यक कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading