August 15, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

दुमका में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने फहराया तिरंगा, कहा- विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा देश

दुमका में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने फहराया तिरंगा, कहा- विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा देश

दुमका: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दुमका के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।

इसके बाद अपने संबोधन में उन्होंने देश और झारखंड की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को लेकर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि आज भारत दुनिया के सामने एक मजबूत और तेजी से उभरती हुई शक्ति के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष अनुसंधान, शिक्षा, खेल, उद्योग और डिजिटल तकनीक समेत विभिन्न क्षेत्रों में देश लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीकी क्षमता, नवाचार, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में भी देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।

डिजिटल तकनीक के विस्तार ने आम लोगों के जीवन को आसान बनाने के साथ-साथ शासन और सेवाओं की पहुंच को भी व्यापक बनाया है।

राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों और समाज के सभी वर्गों को विकास की इस यात्रा में अपनी भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उनके सपनों के भारत का निर्माण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

राज्यपाल ने झारखंड के विकास की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य प्राकृतिक संसाधनों, मानव संसाधन और सांस्कृतिक विविधता की दृष्टि से समृद्ध है।

समावेशी विकास के माध्यम से झारखंड को भी देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है।

विकास के साथ राष्ट्र निर्माण पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए आर्थिक प्रगति के साथ सामाजिक समरसता, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नई तकनीकों और नवाचार को अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल रहा और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading