August 11, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

गढ़वा: सोन नदी में सेल्फी लेते समय गहरे पानी में गईं दो छात्राएं, एक की मौत

गढ़वा: सोन नदी में सेल्फी लेते समय गहरे पानी में गईं दो छात्राएं, एक की मौत

गढ़वा : सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने की होड़ में खतरनाक जगहों पर सेल्फी लेना अब जानलेवा साबित होने लगा है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा झारखंड के गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र में हुआ, जहां सोन नदी में स्नान के दौरान सेल्फी लेने के क्रम में दो छात्राएं गहरे पानी में चली गईं। हादसे के बाद मंगलवार को एक छात्रा का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरी की तलाश अभी जारी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह पाचाडुमर गांव के समीप सोन नदी में तीन छात्राएं स्नान करने गई थीं। इसी दौरान मोबाइल फोन से सेल्फी लेने के क्रम में तीनों गहरे पानी की ओर चली गईं।

स्थानीय लोगों ने प्रिया कुमारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन जूली कुमारी (14) और खुशबू कुमारी (14) तेज धार में बह गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने दोनों छात्राओं की तलाश शुरू कर दी। प्रशासन की निगरानी में भी नदी में लगातार खोज अभियान चलाया गया। मंगलवार को तलाशी के दौरान जूली कुमारी का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

जूली छाताकुंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। उसके पिता का नाम अरुण प्रसाद उर्फ बबलू है। शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर मौजूद परिजनों में मातम छा गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, खुशबू कुमारी कक्षा नौवीं की छात्रा है। उसके पिता का नाम गिरवर ठाकुर बताया गया है। खुशबू की तलाश में नदी के आसपास के इलाकों में अभियान जारी है। सोन नदी में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण बचाव दल को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौके पर केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी सहित प्रशासन के अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद हैं। ग्रामीण गोताखोर लगातार नदी में खुशबू की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से लापता छात्रा की तलाश की जा रही है। दूसरी ओर परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है।

इधर एक पखवारा पूर्व जमशेदपुर के सोनारी निवासी युवक की भी सेल्फी के चक्कर में जान चली गई थी।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading