जमशेदपुर : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने क्षेत्रीय स्तर पर सत्यापन कार्य तेज कर दिया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने मंगलवार को बीएलओ के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक कर अब तक हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आगे की कार्रवाई को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान 44-बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 78, 210, 211 और 310, 45-घाटशिला के मतदान केंद्र संख्या 64, 74 और 82, 46-पोटका के मतदान केंद्र संख्या 67, 215 और 370, 47-जुगसलाई के मतदान केंद्र संख्या 197, 410 और 200, 48-जमशेदपुर पूर्वी के मतदान केंद्र संख्या 65, 126 और 266 तथा 49-जमशेदपुर पश्चिमी के मतदान केंद्र संख्या 416 और 417 के बीएलओ से सीधे बातचीत की गई।
उपायुक्त ने बीएलओ द्वारा किए जा रहे क्षेत्रीय कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि SIR के तहत प्रत्येक मतदान क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं और परिवारों का व्यवस्थित सत्यापन किया जाना जरूरी है।
उन्होंने सभी बीएलओ को अपने-अपने मतदान क्षेत्र का नजरी नक्शा तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि उसी के आधार पर क्षेत्र में भ्रमण कर प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने नजरी नक्शे के आधार पर Family Grouping करने तथा प्रत्येक मकान का वास्तविक या Notional House Number दर्ज करने को कहा। इससे मतदान क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक परिवार और पात्र नागरिक की पहचान एवं सत्यापन व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।
डीसी ने स्पष्ट किया कि बीएलओ सिर्फ किसी निर्धारित स्थान पर बैठकर कागजी प्रक्रिया पूरी न करें, बल्कि नियमित रूप से अपने मतदान क्षेत्र का भ्रमण करें और घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करें। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यकतानुसार फॉर्म-6 और फॉर्म-8 प्राप्त करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त करने को कहा गया। उपायुक्त ने जोर दिया कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान बीएलओ यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को बीएलओ के क्षेत्रीय कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। जहां भी किसी बीएलओ को तकनीकी या प्रशासनिक परेशानी हो, वहां तत्काल आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा गया।
SIR के तहत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद निर्धारित दावा एवं आपत्ति अवधि में नागरिक अपने नाम, व्यक्तिगत विवरण या मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी त्रुटि के संबंध में दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की जांच करें। यदि नाम दर्ज नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति जरूर प्रस्तुत करें।