पाकुड़: झारखंड के चाईबासा समेत कई जिलों के उपायुक्त साइबर अपराधियों के निशाने पर हैं। पाकुड़ जिले में साइबर अपराधियों ने इस बार उपायुक्त मेघा भारद्वाज का नाम और फोटो का दुरुपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की है।
जिला प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है और किसी भी संदिग्ध व्हाट्सएप संदेश या कॉल से सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन के अनुसार साइबर ठगों ने उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर एक फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाई है। इस नंबर के माध्यम से लोगों से पैसे, गिफ्ट और अन्य प्रकार की आर्थिक सहायता मांगी जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त किसी भी व्यक्ति से व्हाट्सएप के जरिए धनराशि, उपहार या किसी भी तरह की आर्थिक मदद की मांग नहीं करती हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि उपायुक्त के नाम से कोई संदेश, कॉल या व्हाट्सएप चैट प्राप्त होती है, जिसमें पैसे या किसी प्रकार की आर्थिक सहायता मांगी जाए, तो उस पर बिल्कुल भी भरोसा न करें।
ऐसे किसी भी नंबर पर पैसे ट्रांसफर न करें और न ही अपनी बैंकिंग संबंधी या व्यक्तिगत जानकारी साझा करें।
प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि किसी भी संदिग्ध व्हाट्सएप नंबर, कॉल या संदेश की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर थाना को दें, ताकि साइबर अपराधियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने कहा कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसलिए किसी भी वित्तीय लेन-देन से पहले संबंधित संदेश या कॉल की सत्यता की पुष्टि अवश्य करें।
साथ ही अफवाहों और फर्जी संदेशों से बचते हुए जागरूक रहें और साइबर अपराधियों की साजिशों को विफल करने में प्रशासन का सहयोग करें।