*ओड़िशा निवासी युवती मानगो के ब्यूटी पार्लर में करती थी काम
*टीएमएच में घायल युवक का चल रहा इलाज, परिजनों को दे दी गई सूचना
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया स्थित आर्मी कैंप के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा रात करीब एक बजे हुआ। मृतका की पहचान एंजेल गुड़िया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली थी और जमशेदपुर के मानगो स्थित एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी।
जानकारी के मुताबिक, एंजेल गुड़िया रविवार देर रात बिरसानगर निवासी केल्विन लकड़ा के साथ बाइक से घूमने निकली थी। दोनों बाइक से सीएच एरिया आर्मी कैंप के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई।
इसके बाद बाइक सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के कुछ देर बाद वहां से गुजर रही पुलिस पेट्रोलिंग टीम की नजर सड़क पर पड़े दोनों घायलों पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों को उठाया और इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एंजेल गुड़िया को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, केल्विन लकड़ा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका टीएमएच में इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। साथ ही मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण बाइक के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।