जमशेदपुर : जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के आकाशदीप प्लाजा के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक आकाशदीप प्लाजा के समीप से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा। इसी बीच पीछे से आ रहे एक बड़े वाहन का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक फरार
दुर्घटना के बाद हादसे में शामिल वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि कैमरों में दुर्घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। फुटेज के आधार पर पुलिस हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर उसके चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसके पास से मिले सामान और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर पहचान कराने की कोशिश कर रही है। साथ ही आसपास के थानों से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि किसी लापता व्यक्ति से उसका मिलान किया जा सके।
शव को एमजीएम अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश की जा रही है।
बहरहाल शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तेज रफ्तार, हेलमेट का उपयोग नहीं करना, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और भारी वाहनों (जैसे ट्रेलर या डंपर) की टक्कर के कारण लगातार सड़क हादसों में बाइक सवारों की जान जा रही है।
बीती रात सर्किट हाउस एरिया में युवती की मौत हो गई और युवक का इलाज चल रहा है। इसी तरह शनिवार को मानगो में सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों इलाजरत हैं।
दो दिन पहले गोविंदपुर में एक बच्ची की मौत हो गई। उसका भाई और पिता जख्मी हो गए हैं। पिता की स्थिति गभीर है और उनके पास इलाज के लिए पैसे भी नहीं हैं।