August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
हिंदी

पूर्णिया: घरेलू विवाद में पति ने शिक्षिका पत्नी को मारी गोली, वारदात के बाद आरोपी फरार

पूर्णिया: घरेलू विवाद में पति ने शिक्षिका पत्नी को मारी गोली, वारदात के बाद आरोपी फरार

पूर्णिया, 9 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्णिया में रविवार को घरेलू विवाद के बाद पति द्वारा शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी पति फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

घटना पूर्णिया कॉलेज रोड स्थित रेणु नगर की है। मृतका की पहचान शालिनी कुमारी के रूप में हुई है। शालिनी श्रीनगर स्थित प्लस टू स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। वहीं, आरोपी पति राजकुमार यादव मधुबनी स्थित एक को-ऑपरेटिव बैंक में मैनेजर बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर कथित तौर पर राजकुमार यादव ने पत्नी शालिनी को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर घर पहुंचे। वहां शालिनी खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थी। आनन-फानन में लोगों ने उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद का लग रहा है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और कोई अन्य कारण है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

इधर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति राजकुमार यादव मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

शहर के बीचोंबीच दिनदहाड़े एक शिक्षिका की गोली मारकर हत्या की घटना से रेणु नगर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। लोग इस घटना से सहमे हुए हैं। मृतका के परिजन भी सदमे में हैं। मृतका के परिजन कुमार गौरी शंकर ने कहा, “हमें कुछ समझ नहीं आ रहा। घर में क्या हुआ, कैसे हुआ। शालिनी बहुत अच्छी थी। आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”

वहीं, सांसद पप्पू यादव के प्रतिनिधि राजेश यादव ने घटना की निंदा करते हुए कहा, “यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। एक शिक्षिका की इस तरह हत्या होना समाज के लिए शर्म की बात है। पुलिस को आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।”

–आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading