August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
खेल

दूसरा वनडे: राशिद खान ने झटके 6 विकेट, अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 92 रन से हराया

दूसरा वनडे: राशिद खान ने झटके 6 विकेट, अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 92 रन से हराया

ब्रेडी, 7 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान ने स्टार स्पिनर राशिद खान की घातक गेंदबाजी की बदौलत आयरलैंड को ब्रेडी क्रिकेट क्लब में खेले गए दूसरे वनडे में 92 रन से हार दिया। अफगानिस्तान के दिए 300 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड 33.4 ओवर में 207 रन पर सिमट गई।

300 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी आयरलैंड को पहला झटका कप्तान पॉल स्टर्लिंग के रूप में लगा। स्टर्लिंग मात्र 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद एंड्रयू बालबर्नी और कैड कारमाइकल ने दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 96 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर बालबर्नी 36 रन बनाकर आउट हुए। कारमाइकल ने अर्धशतक लगाया। वह 66 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 62 रन की पारी खेलकर आउट हुए। हैरी टैक्टर 5 और लॉर्कन टुकर 23 रन बनाकर आउट हुए।

25.5 ओवर में 5 विकेट, 152 रन बनाकर लक्ष्य की तरफ बढ़ती दिख रही आयरलैंड का छठा विकेट 198 के स्कोर पर गिरा। इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाज अफगानिस्तान के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके। पूरी टीम 33.4 ओवर में 207 रन पर सिमट गई। आयरलैंड ने आखिरी 5 विकेट 25 गेंदों पर सिर्फ 10 रन जोड़कर गंवा दिए।

अफगानिस्तान के लिए राशिद खान ने 6, अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 2 और फजलहक फारुकी ने 1 विकेट लिए।

इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान ने 47 ओवर में 8 विकेट पर 299 रन बनाए थे। अफगानिस्तान के लिए गुरबाज ने 32, अटल ने 45, इब्राहिम जादरान ने 97 गेंदों पर 2 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 84 रन बनाए। कप्तान रहमत शाह ने 30, अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 33, दरविश रसूली ने 16 और पूर्व कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने 21 गेंदों पर तेज 36 रन बनाए।

आयरलैंड की तरफ से मार्क अडेयर ने 2, और जय मूंद्रा ने 2 विकेट लिए। गेविन, कर्टिस कैंफर, और हैरी टैक्टर ने 1-1 विकेट लिए थे।

बता दें कि बारिश की वजह से मैच को 50 की जगह दोनों 47 ओवर का कर दिया गया था। जीत के साथ अफगानिस्तान ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। पहला मैच बारिश की वजह से धुल गया था।

–आईएएनएस

पीएके

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading