गालूडीह: आरआईटी चेकडैम में डूबे एनआईटी जमशेदपुर के छात्र मीर हसीन तनवीर का शव घटना के 72 घंटे बाद भी बरामद नहीं हो सका है। बुधवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम ने बरेज डैम और स्वर्णरेखा नदी के आसपास व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। छात्र के परिजन भी मौके पर मौजूद रहे और टीम के साथ शव की तलाश में जुटे रहे।
रविवार को नहाने के दौरान हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर मीर हसीन तनवीर आरआईटी चेकडैम में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। स्थानीय लोगों और प्रशासन की ओर से तत्काल खोजबीन शुरू की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद से लगातार तलाश जारी है।

पिता प्रशासन से लगा रहे मदद की गुहार
मृतक छात्र के पिता अपने बेटे के शव की बरामदगी के लिए प्रशासन से लगातार सहयोग की अपील कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मीर हसीन तनवीर पश्चिम बंगाल के पूर्व वर्धमान जिले का निवासी था और जमशेदपुर में रहकर एनआईटी में पढ़ाई कर रहा था।
एनडीआरएफ ने कई स्थानों पर चलाया अभियान
एनडीआरएफ टीम के निरीक्षक दिनेश अवस्थी ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर रांची से 30 सदस्यीय टीम को तैनात किया गया है। टीम ने सोमवार से सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। पहले असंगी चेकडैम और राधास्वामी चेकडैम क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। बुधवार को टीम ने डैम के किनारे और स्वर्णरेखा नदी के आसपास खोज अभियान को आगे बढ़ाया, जिसे जमशेदपुर की दिशा तक विस्तारित किया जा रहा है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान आरआईटी थाना के एएसआई विक्रम कुमार सहित छात्र के परिजन भी मौके पर मौजूद रहे और अभियान की निगरानी करते रहे।