राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड की पोटका पंचायत अंतर्गत रांगामाटिया गांव में सोमवार शाम हुई आकाशीय बिजली की घटना ने एक किसान की आजीविका पर बड़ा संकट खड़ा कर दिया। वज्रपात की चपेट में आने से एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास में मौजूद एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, रांगामाटिया निवासी किसान सोना राम तियु दिनभर खेत में काम करने के बाद अपने बैल को घर के आंगन में बांधकर लौटे थे। इसी दौरान शाम करीब छह बजे अचानक मौसम ने करवट ली।
तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई और कुछ ही देर में आकाशीय बिजली बैल के पास आ गिरी। वज्रपात इतना तेज था कि बैल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के समय बैल के पास मौजूद सोना राम तियु के 18 वर्षीय भतीजे कुना राम तियु भी बिजली की चपेट में आ गए। वे कुछ समय के लिए बेहोश हो गए। बाद में होश आने पर परिजनों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पीड़ित किसान सोना राम तियु ने बताया कि मृत बैल की कीमत लगभग 70 हजार रुपये थी। खेती का अधिकांश काम इसी बैल के सहारे किया जा रहा था और अभी खेतों का कार्य भी अधूरा है। ऐसे में बैल की मौत से खेती पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है।
किसान ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा देने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय पर सहायता राशि मिल जाती है तो वह नया बैल खरीदकर खेती का कार्य पूरा कर सकेंगे।
वहीं, ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित किसान को जल्द से जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।