August 5, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

KUMARDUNGI : बकरी खोजने गए बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, छेड़छाड़ का आरोप लगाकर तीन ग्रामीणों ने उतारा मौत के घाट

KUMARDUNGI : बकरी खोजने गए बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, छेड़छाड़ का आरोप लगाकर तीन ग्रामीणों ने उतारा मौत के घाट

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के पतराहातु गांव में 53 वर्षीय कुंडिया सिंकु की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

आरोप है कि बकरी की तलाश में पड़ोसी के घर जाने पर ग्रामीणों ने उन पर महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोप लगाया और लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद शव को गांव के बाहर फेंक दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को कुंडिया सिंकु की बकरी कहीं चली गई थी। वह उसे खोजते-खोजते पड़ोस के एक घर तक पहुंचे, लेकिन बकरी वहां भी नहीं मिली। इसके बाद वह वापस अपने घर लौट आए।

बताया जाता है कि सोमवार शाम करीब सात बजे कुंडिया सिंकु अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही कुशनु हेंब्रम, गणेश हेंब्रम और मंगल हेंब्रम लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने उन्हें घर से बाहर खींच लिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि कुंडिया सिंकु बकरी खोजने के बहाने उनके घर में घुसे थे और वहां मौजूद महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की थी।

इसी आरोप को आधार बनाकर उनकी लाठी-डंडों से पिटाई की गई। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को गांव के बाहर फेंक दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कुमारडूंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

मृतक के परिजनों का कहना है कि कुंडिया सिंकु केवल अपनी खोई हुई बकरी की तलाश में आरोपियों के घर गए थे। उनका कहना है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति पर छेड़छाड़ का आरोप लगाकर भीड़ ने उन्हें बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी जान चली गई।

परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading