लातेहार: झारखंड के लातेहार जिला अंतर्गत बालूमाथ थाना क्षेत्र के गुरतुर गांव में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे 65 वर्षीय केशव राम की टांगी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में सुनीता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त टांगी भी बरामद की गई है।
मृतक के बेटे सुकुल राम ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान गांव के 10 से 20 लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी उनके पिता को बचाने का प्रयास नहीं किया।
उन्होंने बताया कि उनके पिता ओझागुनी का काम करते थे और कुछ समय पहले गांव में इस मामले को लेकर एक बैठक भी हुई थी, जिसमें एक लाख रुपये की बातचीत होने का दावा किया गया था।
सुकुल राम के अनुसार, हमले के बाद उनके पिता तालाब से करीब एक किलोमीटर तक जान बचाकर भागे, लेकिन घर पहुंचने के बाद उन पर दोबारा हमला कर उनकी हत्या कर दी गई।
वहीं, मृतक के भतीजे उमेश राम ने आरोप लगाया कि हत्या में सुनीता कुमारी के अलावा रोशन भुइया, नेपाली गंजू, दसरथ गंजू समेत कई अन्य लोग भी शामिल थे। उनका कहना है कि केशव राम ढोल-बाजा बजाने का काम करते थे और पैसों के लेन-देन अथवा सुनियोजित साजिश के तहत उनकी हत्या की गई है।
उमेश राम ने प्रशासन से मामले में नामजद सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इधर, बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। आरोपी महिला द्वारा लगाए गए पुराने रंजिश के आरोपों सहित अन्य संभावित कारणों की भी गहन पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसंधान के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा होगा।