August 11, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

WEST SINGHBHUM : मनोहरपुर में नहाने के दौरान किशोर का पैर फिसला, कुएं में डूबने से मौत

WEST SINGHBHUM : मनोहरपुर में नहाने के दौरान किशोर का पैर फिसला, कुएं में डूबने से मौत

मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सागजोड़ी गांव में एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सागजोड़ी गांव निवासी शंकर भूमिज का पुत्र हरीश भूमिज (14) शनिवार को अपनी छोटी बहन के साथ गांव के अजम्बर चौक स्थित कुएं पर नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। कुछ समय तक जब हरीश पानी से बाहर नहीं निकला तो उसकी बहन और आसपास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई।

सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किशोर की तलाश शुरू की। कुआं काफी गहरा होने के कारण शुरुआत में हरीश का कोई पता नहीं चल सका। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे कुएं से बाहर निकाला और तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। हालांकि जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर जराईकेला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading