August 11, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

छात्र आंदोलन पर बोले सीएम हेमंत सोरेन- प्रशासन ने संयम से संभाली स्थिति, छात्रों की मांगों पर गंभीरता से होगी कार्रवाई

छात्र आंदोलन पर बोले सीएम हेमंत सोरेन- प्रशासन ने संयम से संभाली स्थिति, छात्रों की मांगों पर गंभीरता से होगी कार्रवाई

रांची, 10 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन के बाद कहा कि सरकार छात्रों की मांगों पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करेगी। उन्होंने युवाओं से संवाद और विश्वास के जरिए मुद्दे का समाधान निकालने की अपील की।

सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में आज के आंदोलन के दौरान स्थिति संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों तथा जवानों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस ने संयम, संवेदनशीलता और पूरी जिम्मेदारी के साथ स्थिति को संभाला।

सीएम ने आंदोलित छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का उन्हें पूरा अधिकार है और उनकी आवाज का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों की बात सुनी है और वरिष्ठ मंत्री लगातार उनके साथ संवाद करते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। सरकार का उद्देश्य व्यवस्था की उन कमियों को दूर करना है, जिनकी वजह से भविष्य में छात्रों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम, सुरक्षित और जवाबदेह बनाना चाहती है। इस बदलाव में छात्रों की भागीदारी को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि झारखंड केवल समस्याओं पर चर्चा करने वाला राज्य न रहे, बल्कि समाधान की नई मिसाल कायम करे। सोरेन ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन के बीच विपक्ष के कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए माहौल बिगाड़ने और छात्रों को भटकाने की कोशिश की। उन्होंने युवाओं से ऐसे राजनीतिक नैरेटिव के बहकावे में नहीं आने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र झारखंड का भविष्य हैं। उनकी आवाज को नजरअंदाज करना नहीं, बल्कि उसे सुनना और समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से एक बार फिर संवाद और विश्वास के साथ इस पूरे मुद्दे का समाधान निकालने की अपील की।

–आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading