August 11, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर में पूजा के दौरान मुकम्मल सुरक्षा व्यवस्था, 149 मजिस्ट्रेट, 83 पुलिस अफसर और 2654 जवान तैनात

जमशेदपुर में पूजा के दौरान मुकम्मल सुरक्षा व्यवस्था, 149 मजिस्ट्रेट, 83 पुलिस अफसर और 2654 जवान तैनात

जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था चाक-चौबंद बनाये रखने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं। पूरे जिले को नौ सुपर जोन और 35 जोन में बांटा गया है। कुल 149 मजिस्ट्रेट कुल 83 मजिस्ट्रेट पूजा, तीन जिला नियंत्रण कक्ष, 27 विसर्जन और 36 दोनों अनुमंडलों में रिजर्व दंडाधिकारी के रूप में तैनात किये गये हैं।

जो 83 मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं, उनमें नौ सुपर जोनल, 35 जोनल मजिस्ट्रेट जबकि 39 सामान्य दंडाधिकारी शामिल हैं। इसी तरह, नौ सुपर जोनल पुलिस अधिकारी, 35 जोनल पुलिस अफसर और 39 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, 2654 पुलिस कर्मियों को भी लगाया गया है। इनमें 256 सशस्त्र हवलदार व 879 सशस्त्र जवान, 1216 लाठी वाले पुलिस कर्मी, 148 महिला जवान और 155 चौकीदार शामिल हैं। इसके अलावा क्यूआरटी को भी लगाया गया है। इनकी तैनाती से संबंधित संयुक्त आदेश उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और सीनियर एसपी पियूष पांडेय ने जारी कर दिया है।

पूजा ड्यूटी में तैनात मजिस्ट्रेट और पुलिस कर्मियों की तैनाती चार अक्तूबर की सुबह तक जबकि विसर्जन में तैनात दंडाधिकारियों व पुलिस कर्मियों की ड्यूटी तीन अक्तूबर की सुबह तक रहेगी। विजय दशमी के दिन दो अक्टूबर को जिले में शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। डीसी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

तीन सहायक कंट्रोल रूम बनाये गये

इस बार साकची के मुख्य कंट्रोल रूम के अलावा मानगो चौक, रेलवे स्टेशन टीओपी गोलचक्कर और गोलमुरी में सहायक कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। मानगो चौक का कंट्रोल रूम मानगो, आजादनगर, ओलीडीह और एमजीएम थाना क्षेत्र को कवर करेगा। स्टेशन टीओपी कंट्रोल रूम बागबेड़ा, परसूडीह, सुंदरनगर और जुगसलाई को कवर करेगा। गोलमुरी कंट्रोल रूम से गोलमुरी, सिदगोड़ा, बिरसानगर, टेल्को, बर्मामाइंस और गोविंदपुर को कवर किया जाएगा। ये तीनों सहायक कंट्रोल रूम अपराह्न चार से सुबह सात बजे तक कार्यरत रहेंगे।

अराजक तत्वों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए तैयारी कर ली गई है। साकची स्थित कंट्रोल रूम से शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जाएंगे। इसके अलावा, सभी पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। सभी मजिस्ट्रेट व पुलिस कर्मियों को अफवाहों से सावधान रहने की हिदायत दी गई है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading