August 28, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प, जमशेदपुर में भारत भारती का प्रांतीय सम्मेलन

सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प, जमशेदपुर में भारत भारती का प्रांतीय सम्मेलन

जमशेदपुर: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत भारती झारखंड की ओर से रविवार को साकची स्थित मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में “भारत भारती परिचय व प्रांतीय सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने भारत भारती के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती देशभर में मनाई जा रही है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की जरूरत है।

565 रियासतों के एकीकरण में पटेल की भूमिका पर चर्चा

मुख्य वक्ता मनोज कुमार सिंह ने सरदार पटेल के जीवन और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की 565 रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल की निर्णायक भूमिका रही। उनके प्रयासों ने भारत की एकता को मजबूत आधार प्रदान किया।

भारत भारती झारखंड के प्रदेश सचिव सुशील कुमार सिंह ने संस्था के उद्देश्यों और देश के विभिन्न राज्यों में चलाए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने संस्था की गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।

पूर्व सैनिकों समेत विभिन्न संगठनों की रही भागीदारी

सम्मेलन में भारत भारती के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष संजय मेहरोत्रा, विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, स्वदेशी जागरण मंच के मनोज कुमार सिंह, भारत भारती झारखंड के मार्गदर्शक ब्रिगेडियर बी.जी. पाठक और प्रदेश अध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम के 60 से अधिक पूर्व सैनिकों के अलावा विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सम्मेलन में हिस्सा लिया।

बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम में गुमला के श्रीधर ज्ञान संस्थान, टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट बर्मामाइंस, दयानंद पब्लिक स्कूल, गोविंद विद्यालय, राजा डांस एकेडमी और सिख समाज के बच्चों ने देशभक्ति व संस्कृति से जुड़ी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले सभी प्रतिभागी बच्चों और शिक्षकों को अतिथियों ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम के संयोजक एवं भारत भारती झारखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, संस्थाओं, विद्यालयों, पूर्व सैनिकों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण, एकता और अखंडता के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।

राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन हुआ। इसके बाद करीब 400 देशभक्तों ने सामूहिक भोज में हिस्सा लिया।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading