जमशेदपुर: सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर हर हर महादेव संघ की ओर से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए।
भजन संध्या का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायक और सांसद मनोज तिवारी रहे। उन्होंने शिव आराधना से जुड़े भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उनके मंच पर पहुंचते ही पूरा परिसर ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा।
मनोज तिवारी की भक्ति प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। अंतिम सोमवारी होने के कारण कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। देर रात तक शिव भजनों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं और पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
हर हर महादेव संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि संघ की ओर से प्रत्येक वर्ष सावन की अंतिम सोमवारी पर भजन संध्या का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भगवान शिव की भक्ति से जोड़ना और सामूहिक रूप से धार्मिक उत्सव मनाना है।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में हर हर महादेव संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।