जमशेदपुर : शहर के निचले इलाकों में बारिश के कारण उत्पन्न जलजमाव और जगह-जगह फैले कचरे की समस्या को लेकर एनसीपी जमशेदपुर महानगर ने चिंता जताई है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (जेएनएसी) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
एनसीपी ने कहा कि लगातार बारिश के कारण जमशेदपुर के निचले इलाकों समेत कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति गंभीर हो गई है। कई स्थानों पर घरों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जलजमाव के साथ ही विभिन्न इलाकों में कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिससे आने वाले दिनों में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने जेएनएसी से मांग की कि समस्या के गंभीर होने का इंतजार करने के बजाय अभी से प्रभावी कदम उठाए जाएं। ज्ञापन में शहर की नालियों की तत्काल सफाई, नियमित रूप से कचरे का उठाव और जलजमाव वाले क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने की मांग की गई।
एनसीपी नेताओं ने कहा कि बारिश के दौरान जलजमाव और गंदगी से उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर समय रहते नियंत्रण किया जाए तो लोगों को काफी राहत मिल सकती है।
उन्होंने सवाल उठाया कि प्रशासनिक सक्रियता समस्या बढ़ने के बाद ही क्यों दिखाई देती है। पार्टी ने बरसात के दौरान साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में जितेंद्र मिश्रा, तेजपाल सिंह टोनी, शैलेंद्र झा, सौरव ओझा, ललित ढींगरा और सुनील तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद थे। एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. पवन पांडेय ने इसकी जानकारी दी।