*15 दिनों में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो कंपनी गेट के समक्ष बेमियादी अनशन का अल्टीमेटम
जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा संचालित KMPM इंटर कॉलेज को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवनीत मिश्रा ने किया। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिन्हा बतौर सम्मानित अतिथि मौजूद रहीं।
धरने को संबोधित करते हुए नवनीत मिश्रा ने कहा कि KMPM इंटर कॉलेज की स्थापना वर्ष 1915 में शहर के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और सस्ती शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। ऐसे संस्थान को अचानक बंद किया जाना छात्र हित के खिलाफ और जनविरोधी फैसला है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत को-ऑपरेटिव कॉलेज, करीम सिटी कॉलेज, विमेंस कॉलेज और वर्कर्स कॉलेज समेत डिग्री कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई बंद होने से विद्यार्थियों के सामने परेशानी बढ़ गई है।
कई छात्रों को मनचाहे या बेहतर संस्थानों में दाखिला नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते कुछ विद्यार्थी पढ़ाई छोड़ने को भी मजबूर हो रहे हैं।

KMPM कॉलेज दोबारा शुरू करने की मांग
युवा कांग्रेस ने टाटा स्टील से KMPM इंटर कॉलेज को तत्काल दोबारा शुरू करने की मांग की। संगठन का कहना है कि मौजूदा समय में शहर के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए ऐसे संस्थानों की जरूरत है।
टाटा स्टील को अपनी कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत शिक्षा के क्षेत्र में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
नवनीत मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर KMPM इंटर कॉलेज को फिर से शुरू करने को लेकर टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो जिला युवा कांग्रेस टाटा स्टील के गेट के समक्ष अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेगी।
उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी टाटा स्टील प्रबंधन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी से रबींद्र कुमार झा, विजय यादव, पारितोष सिंह, राकेश तिवारी और प्रताप यादव समेत युवा कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव रंजीत झा ने किया
कांग्रेस का मानना है कि केएमपीएम कॉलेज में शिक्षा का स्तर बढ़िया था। शहर के बच्चों का इसका लाभ मिलता था।