August 29, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

नगरपालिका इकाइयों की कार्यप्रणाली पर सरयू राय नाराज, डीसी से सुधार की पहल का आग्रह

नगरपालिका इकाइयों की कार्यप्रणाली पर सरयू राय नाराज, डीसी से सुधार की पहल का आग्रह

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर की नगरपालिका इकाइयों की कार्यप्रणाली पर गंभीर असंतोष जताया है। उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर नगरपालिका निकायों की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए ठोस पहल करने का आग्रह किया है। विधायक ने कहा कि इन संस्थाओं में न तो कार्यों का समुचित लेखाजोखा रखा जा रहा है और न ही उपलब्ध बजट के अनुरूप योजनाओं की प्राथमिकता तय कर पारदर्शी तरीके से उनका क्रियान्वयन किया जा रहा है।

हर वर्ष कृत और लंबित कार्यों का हो लेखाजोखा

सरयू राय ने कहा कि जमशेदपुर की नगरपालिका इकाइयों को किसी व्यक्ति विशेष के भरोसे नहीं, बल्कि एक संस्थान के रूप में काम करना चाहिए। प्रत्येक वर्ष किए गए कार्यों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार होना चाहिए, ताकि किसी पदाधिकारी के स्थानांतरण के बाद आने वाले नए अधिकारी को कृत और लंबित कार्यों की पूरी जानकारी एक नजर में मिल सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि निविदा प्रक्रिया, संवेदक के चयन, एग्रीमेंट, कार्यादेश जारी करने और निर्धारित समय में काम पूरा कराने में नगरपालिका निकाय अपेक्षित तत्परता नहीं दिखा रहे हैं। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है।

फाइलों में उलझकर दम तोड़ रही विकास योजनाएं

विधायक ने कहा कि जनता, कार्य क्षेत्र, विधायक, नगरपालिका पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त और उपायुक्त स्तर तक संचिकाओं के लंबे चक्र में विकास एवं जनसुविधा की योजनाएं फंस जाती हैं। कई बार किसी काम को आधिकारिक तौर पर पूरा घोषित किए जाने तक उसकी दोबारा मरम्मत की जरूरत सामने आने लगती है।

उन्होंने कहा कि सड़क, गली, नाली, जलापूर्ति, साफ-सफाई, जल-मल निकासी और सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं वर्षों से इसी प्रक्रिया में उलझी हुई हैं। यही स्थिति जिला योजना, नगर विकास योजना और सांसद-विधायक निधि से संचालित योजनाओं में भी देखने को मिलती है।

8 जुलाई की बैठक का दिया हवाला

सरयू राय ने अपने पत्र में 8 जुलाई 2026 को उनके आग्रह पर हुई बैठक का भी उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि उनके कार्यालय कक्ष में मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, जेएनएसी के नगर आयुक्त और टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक के साथ बैठक हुई थी। इसमें वह स्वयं भी शामिल हुए थे।

बैठक में नगरपालिका इकाइयों को संस्थागत ढंग से संचालित करने और प्रत्येक वर्ष के कार्यों का व्यवस्थित लेखाजोखा तैयार करने पर सहमति बनी थी। विधायक का कहना है कि बैठक के करीब डेढ़ माह बाद भी इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

कृत और लंबित कार्यों के लिए अलग व्यवस्था की जरूरत

उन्होंने कहा कि कृत एवं शेष कार्यों के रिकॉर्ड, नियमित जनसुविधाओं के निर्माण, मरम्मत व रखरखाव तथा नगरपालिका क्षेत्र के विस्तार और संस्थागत विकास के लिए अलग-अलग संस्थागत व्यवस्था होनी चाहिए। योजनाओं के सूत्रण, निधि की व्यवस्था, प्रशासनिक स्वीकृति और क्रियान्वयन की प्रक्रियाओं को आपस में नहीं मिलाया जाना चाहिए।

नाला आधारित विकास योजना पर जोर

सरयू राय ने कहा कि जब वह जमशेदपुर पूर्वी के विधायक थे, तभी से उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए नाला आधारित योजना पर जोर दिया था। उनका कहना है कि सामान्य दिनों के साथ-साथ बारिश के दौरान भी घरों से निकलने वाला पानी तेजी से बड़े नालों तक पहुंचे और जलजमाव की समस्या न हो, इसके लिए दो बड़े नालों के बीच के क्षेत्रों में जनसुविधा और क्षेत्र विकास की योजनाएं तैयार कर लागू की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह तभी संभव है, जब नगरपालिका निकाय सक्षम संस्थाओं के रूप में काम करें और उनके पास दक्ष एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो।

पुरानी कार्यप्रणाली बदलने की जरूरत

विधायक ने कहा कि बैठक में सभी संबंधित अधिकारी इस व्यवस्था की जरूरत पर सहमत हुए थे, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर कोई बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगरपालिका निकाय अभी भी पुरानी कार्यप्रणाली के दायरे में ही काम कर रहे हैं।

सरयू राय ने उपायुक्त से आग्रह किया कि स्थानीय नगरपालिका निकायों को उनकी कार्यप्रणाली में सुधार, संस्थागत लेखाजोखा तैयार करने, योजनाओं की प्राथमिकता तय करने और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए ठोस दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि विकास एवं जनसुविधा से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading