July 27, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

Jamshedpur Marine Drive Accident: तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, 18 वर्षीय युवक की मौत, साथी गंभीर

Jamshedpur Marine Drive Accident: तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, 18 वर्षीय युवक की मौत, साथी गंभीर

जमशेदपुर: शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के लिए बाइक या कार सवार भी कम जिम्मेवार नहीं हैं। बार-बार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद लापरवाही और तेज रफ्तार भी मुख्य वजह है। शहर के मरीन ड्राइव पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

मृतक की पहचान गणेश पात्रो (18) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल निखिल साहू को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार उसके एक हाथ में गंभीर चोट आई है और हाथ टूट गया है। उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवक बाइक से कदमा टोल ब्रिज की ओर से दोमुहानी की तरफ जा रहे थे। रामजनमनगर के समीप अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज गति से डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। गणेश पात्रो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने पर कदमा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय बाइक काफी तेज रफ्तार में थी और दोनों युवक हेलमेट भी नहीं पहने हुए थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अनिवार्यता की अहमियत को रेखांकित करता है। पुलिस प्रशासन के साथ-साथ अाम लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading