July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

31 मई को होगी बीएड-एमएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा, जमशेदपुर के 7 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

31 मई को होगी बीएड-एमएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा, जमशेदपुर के 7 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

जमशेदपुर : बी.एड./एम.एड./बी.पी.एड./एम.पी.एड. संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का आयोजन 31 मई 2026 (रविवार) को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक जिला मुख्यालय के सात परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है।

उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर समाहरणालय सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षकों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एसडीएम धालभूम, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी ने परीक्षा संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के लिए भ्रमणशील दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को 31 मई की सुबह 7 बजे से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।

सभी स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से कम-से-कम दो घंटे पूर्व यानी सुबह 8 बजे तक संबंधित केंद्रों पर पहुंचने को कहा गया है। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अव्यवस्था या कदाचार की आशंका पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा किताब, नोटबुक, लॉग बुक, बैग और अन्य सामग्री भी परीक्षा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की अनिवार्य फ्रिस्किंग की जाएगी। बिना जांच किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading