July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर के वाटर पार्क में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती से मारपीट,चार युवक पकड़े गए

जमशेदपुर के वाटर पार्क में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती से मारपीट,चार युवक पकड़े गए

जमशेदपुर । बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित निक्को पार्क के वाटर पार्क में बुधवार को एक युवती के साथ छेड़खानी और मारपीट की घटना से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पार्क परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चार युवकों को हिरासत में ले लिया।पीड़ित युवती एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है, जो अपने परिवार के साथ घूमने और मनोरंजन के लिए वाटर पार्क पहुंची थी। आरोप है कि पार्क में मौजूद चार युवकों का एक समूह लगातार युवती का पीछा कर रहा था और उस पर फब्तियां कस रहा था। वाटर स्लाइडर पर स्लाइडिंग के दौरान युवकों ने युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया और छेड़खानी करने की कोशिश की।युवती ने जब इस हरकत का विरोध किया तो मामला और बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने न केवल बदसलूकी की, बल्कि युवती और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने युवती के गले पर पैर से वार कर दिया, जिससे उसे अंदरूनी चोट आई। घटना के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई और परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए ले गए।घटना के दौरान वाटर पार्क परिसर में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। कई लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर के लिए पार्क परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई थी। सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में लिया और उन्हें पूछताछ के लिए थाना ले गई। हिरासत में लिए गए युवकों में भाटिया बस्ती निवासी कुणाल गोराई और मोहित रंधावा सहित अन्य शामिल बताए जा रहे हैं।पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपित युवक नशे की हालत में थे। पुलिस सभी आरोपितों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। युवती और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा वाटर पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading