August 28, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

बागबेड़ा में कचरा प्रबंधन को मिलेगी रफ्तार, स्थायी निष्पादन योजना पर बनी सहमति

बागबेड़ा में कचरा प्रबंधन को मिलेगी रफ्तार, स्थायी निष्पादन योजना पर बनी सहमति

जमशेदपुर : बागबेड़ा कॉलोनी में बढ़ती कचरा समस्या के समाधान को लेकर पंचायत समिति की बैठक में ठोस पहल की गई। विधायक संजीव सरदार ने योजना को जल्द लागू कराने और हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

जमशेदपुर प्रखंड विकास कार्यालय के सभागार में बागबेड़ा कॉलोनी में स्थायी कचरा निष्पादन व्यवस्था लागू करने को लेकर पंचायत समिति सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख पानी सोरेन ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार मौजूद रहे। इस दौरान उप प्रमुख शिवकुमार हांसदा, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुमित प्रकाश, अंचल पदाधिकारी मनोज कुमार, पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव समेत कई विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक की शुरुआत में प्रमुख पानी सोरेन और बीडीओ सुमित प्रकाश ने विधायक संजीव सरदार को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। साथ ही विधानसभा में कचरा निष्पादन के मुद्दे को उठाने के लिए उनका आभार भी जताया गया।

बीडीओ सुमित प्रकाश ने कचरा प्रबंधन को लेकर किए गए सर्वे की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि कॉलोनी में कुल 1160 घर चिन्हित किए गए हैं। प्रत्येक घर से ₹100 मासिक शुल्क लेने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे मजदूरों, सुपरवाइजर और ड्राइवर का भुगतान किया जाएगा। योजना के तहत डोर-टू-डोर गीले और सूखे कचरे का संग्रह कर निर्धारित स्थान पर उसका वैज्ञानिक निष्पादन किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही वाहनों की व्यवस्था भी की जाएगी।

विधायक संजीव सरदार ने योजना को सफल बनाने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को उपायुक्त स्तर पर समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही हर महीने पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित करने का सुझाव भी दिया, ताकि योजना की प्रगति पर नजर रखी जा सके।

उन्होंने पंचायत के राजस्व में वृद्धि के लिए मार्केट कॉम्प्लेक्स और मैरिज हॉल निर्माण जैसे प्रस्ताव भी सुझाए।

बैठक के दौरान पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के तहत कुंवर सिंह मैदान स्थित रोड नंबर 3 के करीब 50 घरों में पानी नहीं पहुंचने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को एक महीने के भीतर समस्या का समाधान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

बैठक में पंचायत समिति सदस्य किशोर सिंह, रैना पूर्ति, सतवीर सिंह बग्गा, सुशील कुमार, सुनील गुप्ता, रवि कुरली, चंद्राय टुडू, सोनिया भूमिज, द्रोपती मुंडा, श्वेता जैन, आशा जायसवाल, सुनीता सिंह, गीतिका प्रसाद और झरना मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading