आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में गम्हरिया रेलवे स्टेशन के पास किराये के मकान से 35 वर्षीय युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान सपन दास के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, कमरे से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी।
परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां सपन दास लहूलुहान अवस्था में मृत मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से हथियार बरामद होने के कारण पुलिस आत्महत्या के साथ अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस कमरे से मिले अन्य साक्ष्यों और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
चार माह पहले गम्हरिया में रहने आया था युवक
बताया गया कि सपन दास शादीशुदा था और उसके पत्नी समेत दो बच्चे सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुईयांडीह में रहते हैं। करीब चार महीने पहले वह गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप किराये के मकान में रहने आया था। वह आरकेएफएल कंपनी में काम करता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सपन यहां एक अन्य महिला के साथ रह रहा था। मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर उक्त महिला के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।