विधायक सरयू राय ने कांग्रेस पर साधा निशाना,मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कांग्रेस से अलग होकर नई सरकार बनाने की सलाह
धनबाद : असम चुनाव को लेकर कांग्रेस और जेएमएम के बीच चल रही तनातनी अब खुलकर सामने आ गई है। दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है, जिससे गठबंधन की स्थिरता और भविष्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस विवाद के बीच जमशेदपुर पश्चिम से जदयू विधायक सरयू राय ने बड़ा बयान देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जहां-जहां जेएमएम ने चुनावी हिस्सेदारी की मांग की, वहां कांग्रेस ने उसे लगातार नजरअंदाज किया। उनका आरोप है कि बिहार चुनाव में भी जेएमएम को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया और अब असम में भी वही स्थिति दोहराई जा रही है।
सरयू राय ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कांग्रेस से अलग होकर नई सरकार बनाने की सलाह दी है। उनका कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में दोनों दलों के बीच बढ़ती आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति गठबंधन की विश्वसनीयता को कमजोर कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा झारखंड के अफसरों को ‘माफिया’ कहे जाने वाले बयान सीधे तौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला हैं। ऐसे में अगर मुख्यमंत्री अपने नेतृत्व को मजबूत मानते हैं, तो उन्हें कांग्रेस और भाजपा से अलग होकर बिना शर्त समर्थन के साथ नई सरकार बनाने के विकल्प पर विचार करना चाहिए।