मनोहरपुर। पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर-राउरकेला मुख्य रेल मार्ग पर मनोहरपुर थाना क्षेत्र के घाघरा के समीप मंगलवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह घाघरा के पास अप रेल लाइन पर एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद किया। युवक की उम्र और पहचान से संबंधित स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है।
किस ट्रेन की चपेट में आया, जानकारी नहीं
प्रारंभिक जांच में युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की बात सामने आई है। हालांकि, वह किस ट्रेन की चपेट में आया, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस रेल मार्ग से गुजरने वाली ट्रेनों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
शव की पहचान कराने में जुटी पुलिस
मृतक की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही युवक से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल मनोहरपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और मृतक की पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है।