मुख्य बिन्दु :
सुवर्णरेखा बर्निंग घाट गोलचक्कर के पास हुई घटना
मानगो कुंवर बस्ती निवासी है उत्तम कालिंदी
शहर के बारीडीह में करता है गैरेज मिस्त्री का काम
जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के सुवर्णरेखा बर्निंग घाट गोलचक्कर के पास गुरुवार को तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल की पहचान मानगो के कुंवर बस्ती निवासी उत्तम कालिंदी के रूप में हुई है।
काम पर लौटने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, उत्तम कालिंदी बारीडीह स्थित एक गैरेज में मिस्त्री का काम करते हैं। गुरुवार सुबह वह काम पर जाने से पहले छायानगर स्थित अपनी मामी के घर गए थे। वहां से बाइक से बारीडीह लौटने के दौरान सुवर्णरेखा बर्निंग घाट गोलचक्कर के पास तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उत्तम सड़क पर गिर पड़े और उनके दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया एमजीएम अस्पताल
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, उत्तम की हालत गंभीर बनी हुई है।
हाइवा छोड़कर चालक फरार
दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हाइवा को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बर्निंग घाट गोलचक्कर और आसपास के इलाके में भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर चिंता जताई है। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर करने और सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।