कोलकाता, 3 सितंबर (आईएएनएस)। कोलकाता में बंगाली सिनेमा के महान अभिनेता उत्तम कुमार की 100वीं जयंती के मौके पर गुरुवार को उन्हें याद किया गया। इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया के जरिए दिग्गज अभिनेता को श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री के इस पोस्ट पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने खुशी जताई और उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह इस बात से बेहद खुश हैं कि प्रधानमंत्री ने सुबह-सुबह उत्तम कुमार को याद किया और उनके योगदान को सम्मान दिया।
उत्तम कुमार की जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुवेंदु ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र करते हुए कहा, ”मैं यह देखकर बहुत खुश हुआ कि प्रधानमंत्री ने आज सुबह-सुबह उत्तम कुमार को याद करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इससे भी ज्यादा खुशी इस बात की है कि प्रधानमंत्री ने मेरे पोस्ट जारी करने से पहले ही महान अभिनेता को श्रद्धांजलि दी।”
सुवेंदु अधिकारी ने आगे कहा, ”पिछले रविवार को प्रधानमंत्री ने अपने 30 मिनट के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में करीब पांच मिनट उत्तम कुमार की उपलब्धियों और उनके योगदान को याद करने में लगाए थे।”
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘महानायक उत्तम कुमार… एक ऐसे दिग्गज अभिनेता, जिनकी सदाबहार अदाकारी अलग-अलग पीढ़ियों से लोगों को जोड़ती हैं। उनकी जन्म शताब्दी पर श्रद्धांजलि। मैं पिछले रविवार को ‘मन की बात’ के दौरान उनके बारे में जो कुछ बोला था, उसे भी साझा कर रहा हूं।”
‘मन की बात’ में लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था, ”महानायक उत्तम कुमार एक वर्सेटाइल एक्टर थे, जो अपने अभिनय से लोगों के दिलों में रच-बस गए। फिल्म लवर्स का मानना है कि सत्यजीत रे ने फिल्म ‘नायक-द हीरो’ की पूरी स्क्रिप्ट महानायक उत्तम कुमार को ध्यान में रखकर लिखी थी। सत्यजीत रे ने कहा था कि उनमें गरिमा के साथ-साथ अद्भुत भावनात्मक गहराई भी थी। किरदार को जीवंत बनाने के लिए वह बहुत मेहनत करते थे।”
पीएम मोदी ने उत्तम कुमार के व्यक्तित्व के दूसरे पहलुओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘उत्तम कुमार अपनी सहजता के साथ ही फिलैंथ्रॉपी (समाजसेवा) के लिए भी जाने जाते थे। उनके जीवन से कभी भी हार न मानने की एक और बड़ी सीख भी मिलती है। उनकी शुरुआती फिल्में ज्यादा नहीं चलीं, लेकिन उन्होंने अपने काम पर फोकस बनाए रखा। इसी का परिणाम था कि उन्होंने इतनी ऊंचाई हासिल की।’
प्रधानमंत्री ने उत्तम कुमार से जुड़ी अपनी एक निजी याद भी साझा की। उन्होंने कहा, ”मुझे ध्यान है कि जब मैं कोलकाता में रोड शो कर रहा था, तो मैं उत्तम कुमार के घर के सामने से भी गुजरा था। वहां मुझे एक व्यक्ति ने उनकी एक तस्वीर भी भेंट की थी। मैं एक बार फिर महानायक उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वे हमेशा हम सबके दिलों पर राज करते रहेंगे।”
–आईएएनएस
पीके/पीएम