जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की 17 मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में अधिकांश हीरो स्प्लेंडर प्लस और पैशन प्रो बाइक हैं।
जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन में मुसाबनी के डीएसपी रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में गुड़ाबांदा थाना प्रभारी कुमार सुमित यादव ने विशेष छापेमारी टीम गठित की थी।
पुलिस के अनुसार, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ज्वालकट्टा मिलनवीथी हाई स्कूल के पास स्थित हरिकीर्तन मंडप के समीप कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ जमा हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और तीन संदिग्ध युवकों को तीन मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी के गिरोह से जुड़े होने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे जमशेदपुर सहित विभिन्न जिलों के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें बड़ी संख्या में हीरो स्प्लेंडर प्लस और पैशन प्रो बाइक शामिल हैं। इसके अलावा एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इनमें एक एप्पल आईफोन, एक रेडमी और एक पोको स्मार्टफोन शामिल है।
फिलहाल पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के नंबर और अन्य विवरणों का मिलान विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से कर रही है। गुड़ाबांदा थाना में मामला दर्ज कर आरोपियों से आगे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान वाहन चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े दूसरे सदस्यों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।