चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध चुलाई शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लातरसिका गांव में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान विभाग की टीम ने अवैध शराब की आठ भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
अभियान के दौरान टीम ने अवैध शराब के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और तैयार शराब को भी जब्त किया। मौके से करीब 100 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
इसके अलावा शराब तैयार करने के लिए भट्ठियों पर रखे करीब 3,000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को भी अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
उत्पाद विभाग की कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान भट्ठी संचालक मौके से फरार पाए गए। विभाग ने सभी आठ आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज किया है।
अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की टीम अवैध शराब के ठिकानों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे भी कार्रवाई करेगी।