जमशेदपुर। हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति के बैनर तले बस्ती की मूलभूत समस्याओं को लेकर रविवार को मानगो अंचल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया।
सौरभ विष्णु के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
धरने में शामिल लोगों ने पेयजल, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। समिति के सदस्यों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों और अधिकारियों को कई बार जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार बस्ती के कई इलाकों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। वहीं, कई सड़कें जर्जर हालत में हैं और बिजली व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। इन समस्याओं के कारण स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सौरभ विष्णु ने कहा कि प्रशासन को बस्ती की समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल पहल करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समिति आंदोलन को और व्यापक करने के लिए मजबूर होगी।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगें उठाईं। बाद में समिति की ओर से मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया और क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की गई।