August 19, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

गम्हरिया में सजी ‘शाम-ए-गजल’, सुरों से गुलजार हुई बंगाल क्लब की महफिल

गम्हरिया में सजी ‘शाम-ए-गजल’, सुरों से गुलजार हुई बंगाल क्लब की महफिल

गम्हरिया: सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था द बंगाल क्लब और शास्त्रीय संगीत को समर्पित जमशेदपुर म्यूजिक सर्किल के संयुक्त तत्वावधान में बंगाल क्लब सभागार में ‘शाम-ए-गजल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गजल की दिलकश प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को देर तक बांधे रखा।

कार्यक्रम का उद्घाटन द बंगाल क्लब के अध्यक्ष तापस मित्रा और जमशेदपुर म्यूजिक सर्किल के अध्यक्ष अनिरुद्ध सेन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद शहर के जाने-माने गायक मनमोहन सिंह ने प्रख्यात गायकों की गजलें प्रस्तुत कर महफिल का आगाज किया।

उनकी स्वरचित गजल ‘राख सा क्या रह गया ये’ को श्रोताओं ने खूब सराहा और तालियों से कलाकार का उत्साह बढ़ाया।

इसके बाद मशहूर गायिका प्रेमा दे ने अपनी सुरमयी आवाज से गजल की महफिल में रंग भर दिया। गायक अनिल कुमार सिंह ने भी एक से बढ़कर एक गजलें प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी।

ऑल इंडिया रेडियो की गायिका कृष्णा गांगुली की प्रस्तुति ने भी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कई लोकप्रिय गजलें सुनाकर खूब तालियां बटोरीं।

सुजन चटर्जी की प्रस्तुति ने बांधा समां

महफिल की अंतिम कड़ी में चर्चित गजल गायक सुजन चटर्जी मंच पर पहुंचे तो श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। दर्शकों के उत्साह के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने अपनी मशहूर और सदाबहार गजलों की एक के बाद एक प्रस्तुति दी। उनकी गायकी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में अमिताभ सेन, स्वरूप मोइत्रा, मुकुल रॉय, सुभाष बोस और रवि तिवारी ने शानदार संगत की। वहीं वर्षा चक्रवर्ती ने सूत्रधार की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के आयोजन में बंगाल क्लब के सचिव सौम्य सेन के अलावा देबाशीष नाहा, पार्थ सारथी सेन, अंशुमान चौधरी, ताराशंकर भट्टाचार्य, इंद्रनील घोषाल, सौगत चक्रवर्ती, जेएमसी के सुजीत राय, अशोक कुमार सिंह, मनीष दास, पवन चौबे, कार्तिकेय मिश्रा, हर प्रसाद मुखर्जी और देव सेन सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading