August 19, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

JHARKHAND : रामगढ़ में जंगली हाथियों का तांडव, दो महिलाओं को कुचला; एक की मौत, दूसरी गंभीर

JHARKHAND :  रामगढ़ में जंगली हाथियों का तांडव, दो महिलाओं को कुचला; एक की मौत, दूसरी गंभीर

रामगढ़: जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़की पुना गांव में सोमवार सुबह जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। करीब एक दर्जन हाथियों के अचानक गांव में घुस आने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हाथियों के हमले में दो महिलाएं उनकी चपेट में आ गईं। इनमें एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज कराया जा रहा है।

हाथियों के डर से छतों पर चढ़े ग्रामीण

बताया गया कि सोमवार सुबह करीब एक दर्जन जंगली हाथियों का झुंड बड़की पुना गांव में पहुंच गया। हाथियों ने गांव के कई इलाकों में उत्पात मचाना शुरू कर दिया। अचानक हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। अपनी जान बचाने के लिए कई लोग घरों की छतों पर चढ़ गए।

इसी दौरान दो महिलाएं हाथियों की चपेट में आ गईं। एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग को दी गई सूचना

घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि वन विभाग की टीम जल्द मौके पर पहुंचकर हाथियों के झुंड को गांव से बाहर निकालने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगी। साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए भी कदम उठाए जाएंगे।

ग्रामीणों के अनुसार, रामगढ़ जिले के कई इलाकों में पिछले कई वर्षों से जंगली हाथियों का आतंक बना हुआ है। हाथियों के बार-बार आबादी वाले क्षेत्रों में घुसने से लोगों की जान और संपत्ति पर खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से स्थायी समाधान निकालने और प्रभावित गांवों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading